फतेहपुर। सैनी थाना क्षेत्र (जिला कौशांबी) अंतर्गत एक भीषण सड़क दुर्घटना में फतेहपुर के 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जिला अध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ग्राम कोरवल मजरे धौरहरा, विधानसभा जहानाबाद पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मौके पर उपस्थित होकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के लिए ईश्वर से शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बसपा जिला अध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी ने जिला अधिकारी फतेहपुर के माध्यम से सरकार से मांग करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा, किसान बीमा दुर्घटना के अंतर्गत 5 लाख रुपये, तथा प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सभी प्रभावित परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जाने की मांग भी की गई।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अब तक दी गई सहायता राशि बेहद कम है और मृतक परिवार अत्यंत गरीब एवं कमजोर वर्ग से हैं, इसलिए तत्काल राहत प्रदान करना जरूरी है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में श्रीमती सुनती देवी पत्नी श्यामलाल, मैंकी पत्नी चुनकू, दर्शनीया पत्नी बाबूलाल, राजकुमारी पत्नी रामखेलावन, मयंक पुत्र मुकेश, अनुज पुत्र लल्लन (निवासी ग्राम बारा), रंजना पत्नी लवकुश, गुड़िया पत्नी दिनेश, सुख रनिया एवं ध्रुव पुत्र मनोहर लाल शामिल हैं।
इस दौरान जहानाबाद विधानसभा प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रमेश गौतम, ग्राम प्रधान रामविलास निषाद, नगर अध्यक्ष गाज़ी अब्दुर्रहमान गनी, पृथ्वी पाल निषाद, रामखेलावन निषाद, हरपाल कुरील, विधानसभा प्रभारी सतीश पासी, योगेश दीक्षित, शिवनायक गौतम (सेक्टर अध्यक्ष), सुशील कुमार, बदरुलदीन, पुतान सोनकर, अजेय सोनकर, रंजीत गौतम, गोरेलाल गौतम सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
सभी ने मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।















