मौदहा(हमीरपुर)- मौदहा थाना क्षेत्र में दबंगों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है, जहां एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक सरवर उर्फ मिंटू पुत्र अनवर खान, निवासी ग्राम नारायच (लखनऊ) गिट्टी लेकर मौदहा आया था। बताया जा रहा है कि चालक ने अपना ट्रक निरंकारी पेट्रोल पंप के आगे खड़ा किया और पैदल जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे दबंग युवक निवासी मोहल्ला हुसैनिया (हामिद हॉस्पिटल के पीछे) अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने चालक को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने डंडों और बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के बाद हमलावर चालक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस में शिकायत की प्रक्रिया जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।















