नजीबाबाद/बिजनौर – राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के मण्डावली मार्ग पर ग्राम राहतपुर खुर्द के पास बना असुरक्षित कट लगातार हादसों का कारण बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों और बहुजन पैंथर सामाजिक संगठन ने इसको लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल सुधार की मांग की है। बताया गया कि मझाड़ी के भट्टे के पास हाईवे को सीधे काट दिया गया है, जहां न तो कोई राउंड आउटर है और न ही सिग्नल या स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था। इसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बहुजन पैंथर सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार साइड से आने वाले वाहनों को हाईवे के तेज ट्रैफिक का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग से रोजाना स्कूल बसें, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन गुजरते हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में है। मामले को लेकर बहुजन पैंथर सामाजिक संगठन ने एनएचएआई हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि इस स्थान को ब्लैक स्पॉट घोषित कर सड़क सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। साथ ही स्थायी समाधान होने तक बैरिकेडिंग, रंबल स्ट्रिप, सोलर ब्लिंकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। इसके अलावा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुलाकर कट को बंद करने या अंडरपास अथवा फ्लाईओवर निर्माण का निर्णय लिया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।









