*संवाददाता- जाकिर अली*
गोरखपुर। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में रविवार को प्रशिक्षु आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) परिक्षेत्र ने परेड की सलामी ली और मान-प्रणाम स्वीकार किया। दिखा अनुशासन और समर्पण का बेजोड़ संगम कड़ी धूप और चुनौतियों के बीच महीनों के कठिन प्रशिक्षण के बाद, प्रशिक्षु आरक्षियों ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने सुसज्जित टोलियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने नए सिपाहियों को कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हुए पुरस्कृत
समारोह के दौरान प्रशिक्षण की विभिन्न विधाओं में अव्वल रहने वाले प्रशिक्षुओं और उन्हें तराशने वाले प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा मेधावियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
जनसुरक्षा और संविधान की ली शपथ समारोह के अंतिम चरण में सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति अटूट निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद गौरवपूर्ण तरीके से टोलियों ने मैदान से प्रस्थान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी समेत पुलिस विभाग के तमाम आला अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नए आरक्षियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।















