- पानी पिलाते समय हुई घटना, मेडिकल कॉलेज रेफर
कानपुर देहात। राजपुर थाना क्षेत्र में एक किसान को भैंस ने सींघ मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब किसान अपनी भैंस को पानी पिला रहा था। घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पिचौरा गांव निवासी 60 वर्षीय राज नारायण पुत्र दुर्गा प्रसाद अपनी भैंस को पानी पिलाने गए थे। इसी दौरान पास बंधी दूसरी भैंस ने उनके गुप्तांग में सींघ मार दिया। सींघ लगने से राज नारायण गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल राज नारायण को एक निजी वाहन से राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां मौजूद डॉक्टर ध्रुव सिंह ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टर ध्रुव सिंह ने राज नारायण की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उन्होंने परिजनों को अच्छे सर्जन से इलाज कराने की सलाह भी दी है।















