कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के जल्लापुर में गंदगी और जलभराव से फैली बीमारी से बच्चे युवा और बुजुर्ग बुखार की चपेट में हैं।कई परिवारों के दो दर्जन से अधिक बुखार पीड़ित लोग आसपास के नीचे अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य टीमें भी लगातार गांव में शिविर लगाकर मरीजों का परीक्षण कर रहे हैं। गुरुवार को गांव पहुंची राजपुर पीएचसी से चिकित्सक डॉ अनूप द्विवेदी की टीम ने बुखार पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दी। और बीमारी से बचाव के लिए जागरूक भी किया।
गुरुवार को जल्लापुर के कठेरिया मोहाल में चिकित्सक डॉ अनूप द्विवेदी टीम के साथ पहुंचे। यहां पर टीम ने पहले घरों में जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। इस पर टीम को टीम को गांव में दीपिका (15) बलदेव का बेटा सौरभ (5) बलवीर (4), दीपक (10), मुन्नू कठेरिया की बेटी भूरी (6) रिचा (5), रामजनी (7), विद्या (10) के अलावा शिवा (12), सौरभ (7), आरुषी (12), गोपाल (15), दिव्या (2) समेत कई लोग बुखार से पीड़ित मिले। कई लोगों के निजी अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार कराने की जानकारी दी गई। इस पर टीम ने गांव में शिविर लगाकर जांच के साथ दवा वितरित की। ग्रामीणों ने बताया कि बुखार की समस्या एक सप्ताह से बनी हुई है। दवा खाने पर भी आराम नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य टीम ने कई लोगों के रक्त के नमूने लिए। इसके साथ ही टीम ने जलभराव वाले स्थान में एंट्री लार्वा का छिड़काव कराया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नियमित सफाई कार्य नहीं कराया जा रहा है। जलभराव के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। स्वास्थ्य टीम में डब्ल्यू एचओ निरीक्षक शिवनरेश सिंह, लैब टेक्नीशियन अजीत पाल मौजूद रहे।














