- परिषद ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ट्वीट कर तत्काल बजट जारी कर वेतन दिलाने की मांग किया
संवाददाता- जाकिर अली
गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की एक आवश्यक बैठक लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव ने तथा संचालन महामंत्री मुरारी शुक्ल ने किया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का बजट के अभाव में माह अप्रैल का वेतन न मिलने का गंभीर मुद्दा उठाया गया। परिषद के अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव एवं महामंत्री मुरारी शुक्ल ने माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं स्वास्थ्य मंत्री को ट्वीट कर तत्काल बजट जारी कर कर्मचारियों का वेतन भुगतान कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा कार्य क्षमता भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन भी अभी तक लंबित है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग हैं और सरकारी योजनाओं एवं कार्यों को धरातल पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सरकार को चाहिए कि सभी नियमित, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन समय से जारी कराया जाए, जिससे कर्मचारी पूर्ण मनोयोग एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। बैठक में श्रीनाथ गुप्ता एडवोकेट, अशोक पांडे, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, रामधनी पासवान, महंगू प्रसाद, निशिकांता चौधरी, सुशील शर्मा, डॉ. सरिता सिंह सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
रूपेश श्रीवास्तव: अध्यक्ष
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर।















