फतेहपुर। बहुजन समाज पार्टी फतेहपुर के जिला अध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट एवं प्रयागराज मंडल प्रभारी अभिषेक प्रताप सिंह रविवार को ग्राम मनीपुर थाना गाजीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने 1 मई को हुई दर्दनाक घटना में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। जानकारी के अनुसार ग्राम मनीपुर से एक बारात ग्राम अकबरपुर बड़वा थाना असोथर गई थी। बताया गया कि बारात में शामिल लोग गांव की ही गाड़ी में सवार थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश एवं बदनीयती के चलते यह घटना हुई, जिसमें उमेश कुमार पाल, शिवकरन पासवान उर्फ ननकवा पासवान तथा सानू पासवान पुत्र महेंद्र पासवान की मौत हो गई। वहीं हादसे में सुखराज पाल एवं अतुल सिंह पुत्र ओंकार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार कानपुर स्थित मधुराज हॉस्पिटल में चल रहा है। बसपा नेताओं ने मृतकों के परिजनों रघुराज पाल, धनराज पाल, महेंद्र पासवान सहित अन्य परिवारजनों से मुलाकात कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने जिला प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रत्येक मृतक परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की भी मांग की।















