विजयीपुर/फतेहपुर। जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी बुद्धराज उर्फ भुल्लू की 16 वर्षीय पुत्री अनुभव निषाद घर के पास स्थित जमीन के बराबर खुले कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किशोरी घर से बाहर जा रही थी, तभी अचानक पैर फिसलने से वह खुले कुएं में जा गिरी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं माता रानी निषाद गहरे सदमे में हैं। मृतका तीन भाइयों और एक बहन में थी। बड़े भाई अमित (25 वर्ष) की शादी हो चुकी है, जबकि अन्य भाई आदर्श (14 वर्ष) और अमित (10 वर्ष) बताए जा रहे हैं। सूचना पर किशनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।















