- बैड से गिरने के बाद हालत बिगड़ी, मृत घोषित
कानपुर देहात। राजपुर थाना क्षेत्र के सिलहरा गांव में शुक्रवार को डेढ़ वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची बैड पर सो रही थी, तभी उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) राजपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिलहरा गांव निवासी श्याम पाल की पत्नी अंजू कुमारी ने बताया कि उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी राधिका कमरे में बैड पर सो रही थी। अंजू घर के आंगन में दैनिक कार्य कर रही थीं। इसी दौरान राधिका अचानक बैड से नीचे गिर गई। बच्ची के गिरने की आवाज सुनकर अंजू कमरे में पहुंचीं और देखा कि राधिका जमीन पर बेहोश पड़ी थी। परिजन तुरंत बच्ची को उपचार के लिए पीएचसी राजपुर ले गए। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. जी.पी. द्विवेदी ने राधिका को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि श्याम पाल रेलवे में निजी नौकरी करते हैं। राधिका तीन बच्चों में सबसे छोटी थी; उसकी बड़ी बहन रागिनी (6) और भाई कार्तिक (3) हैं। राजपुर थाना अध्यक्ष सनत कुमार से संपर्क करना चाहा तो फोन नहीं उठाया।















