- उपमुख चिकित्सा अधिकारी ने सीएचओ को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
कानपुर देहात। उपमुख चिकित्सा अधिकारी (DCMO) डॉ. आदित्य सचान ने राजपुर और मलासा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजपुर ब्लॉक के कांधी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुबह 10 बजे ताला लगा मिला, जिससे मरीज इलाज के लिए भटकते रहे।
सोमवार को डॉ. सचान के निरीक्षण के दौरान कांधी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था और केंद्र पर ताला लटका हुआ था। गांव के राजू, सुरेश, मनोज और कल्लू जैसे कई मरीज इलाज के लिए भटकते रहे, लेकिन उन्हें कोई सहायता नहीं मिल पाई।
इस लापरवाही पर उपमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य सचान ने राजपुर पीएचसी प्रभारी डॉ. सलिल सचान को तत्काल संबंधित सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्हें तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब करने को कहा गया है। डॉ. सचान ने चेतावनी दी कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो सीएचओ का वेतन रोक दिया जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले, डॉ. आदित्य सचान ने मलासा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौर का भी निरीक्षण किया। वहां डॉ. रुद्राक्ष यादव, डॉ. शशि, स्टाफ नर्स दिव्यांशी, गौरी पांडेय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेश कुमार सहित सभी स्टाफ सदस्य मौजूद मिले। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और दवा के रखरखाव को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।














