धाता, फतेहपुर। किशनपुर चौकी क्षेत्र के प्रसिद्धिपुर गांव निवासी राजीव कुमार मिश्रा के घर बीती रात चोर कमरे की दीवार में सेंध लगाकर चार लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। घर के सभी लोग कमरे के सामने टीन शेड के नीचे सो रहे थे। सुबह उठने पर चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
प्रसिद्धिपुर गांव में हुई चोरी की घटना
प्रसिद्धिपुर गांव में राजीव कुमार मिश्रा पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार मिश्रा के घर में बीती रात चोरों ने कमरे के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार, उनके पास एक ही कमरा है। बिजली न होने के कारण परिवार के सभी लोग कमरे के सामने टीन शेड के नीचे सोए हुए थे।
परिवार में राजीव कुमार मिश्रा (राजू आसमानी), उनकी पत्नी, दो बेटे और छोटे भाई संजीव कुमार मिश्रा (पुत्तू) रहते हैं। रोज की तरह सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे की पिछली दीवार में सेंध कटी हुई दिखाई दी। अंदर जाकर देखा तो उनकी पत्नी का सूटकेस गायब था।
पीड़ित के अनुसार, सूटकेस में उनकी पत्नी के करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें चोर चोरी कर ले गए। घटना की खबर गांव में फैलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खेत में चोरी हुआ अटैची और कुछ कपड़े भी मिले हैं।
बताया जा रहा है कि करीब चार वर्षों के दौरान यह चौथी बार है, जब चोरों ने इस घर को निशाना बनाया है। घटना की जानकारी धाता थाने की पुलिस चौकी किशनपुर में लिखित रूप से दी गई है।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पुलिस ने जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है और पीड़ित को न्याय दिलाने की बात कही है।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी हुई चोरियों के बाद पुलिस ने जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।














