फतेहपुर। लोक निर्माण विभाग के वादाखिलाफी को लेकर व्यापार मंडल आक्रोशित है। जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल की अगुवाई में व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान और जिलाधिकारी से मिलकर नौबस्ता रोड को बनवाए जाने हेतु बात करेगा। शिवचंद्र शुक्ल ने कहा कि सत्याग्रह में खागा विधायक के सामने लोक निर्माण विभाग द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जब तक पैसा नहीं पास होता, तब तक गड्ढे भरवाकर चलने योग्य सड़क बना दी जाएगी। लेकिन एक महीने से ज्यादा का समय हो गया, अभी सड़क उसी दशा में है। बड़े-बड़े गड्ढे हैं, बरसात में तालाब बन गई है सड़क। आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग आंखों में पट्टी बांधे है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द लोक निर्माण विभाग द्वारा अपने किए वायदे के अनुसार नौबस्ता रोड के गड्ढे नहीं भरवाए गए, तो पुनः एक बार उसी सड़क के बीचों-बीच मंच बनाकर आंदोलन होगा। सड़क को जाम किया जाएगा और तब तक नहीं हटेंगे जब तक रोड बिल्कुल सही नहीं हो जाए। सभी दलों और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। अगर स्थिति गंभीर बनती है, तो उसकी सारी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राजेश चौधरी, गगन अग्रवाल, नगर अध्यक्ष अमिताभ शुक्ल, महामंत्री अतुल साहू, दिनेश सिंह राजपूत, मीडिया प्रभारी अनुपम शुक्ल मौजूद रहे।















