*हमीरपुर: यमुना नदी के पुल पर देर रात दो कारों की टक्कर के बाद झगड़े के दौरान मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के युवक की संदिग्ध हालात में पुल से नीचे रेत में गिरने से मौत हो गई। युवक कार से कानपुर जाने को निकाला था। संभावना जताई जा रही है कि कारों के आपस में टकराने के बाद युवक को पुल से नीचे फेंका गया या फिर धक्का मुक्की में वह नीचे रेत में गिरा। घटना स्थल कानपुर नगर के थाना सजेती में होने की वजह से पुलिस ने कार सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेजा गया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव कस्बा के गायत्री नगर मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय आदित्य जैन अपनी कार से कानपुर को निकाला था। सोमवार की रात से ही कानपुर सागर हाईवे पर जाम लगा हुआ था। इसी जाम से निकलते समय आदित्य के कार की टक्कर एक अन्य कार से हो गई। जिसके बाद झगड़ा हुआ और आदित्य यमुना पुल के बीचो-बीच से नदी की रेत में नीचे जा गिरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल से पुलिस ने दो कारें बरामद की है। एक कार में पीछे भारत सरकार सुरक्षा मंत्रालय लिखा हुआ है।दूसरी कार आदित्य की बताई जा रही है। जो कि ड्राइवर साइड से डैमेज हुई है।आशंका जताई गई है कि इन कारों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के हुए झगड़े में ही आदित्य जैन को पुल से नीचे फेंका गया है या फिर धक्का मुक्की के दौरान आदित्य जैन नीचे गिर गया है। सजेती पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है। इस संबंध में सदर कोतवाली के इंचार्ज प्रभारी निरीक्षक डीके मिश्रा का कहना है कि आदित्य की जिस कार से टक्कर हुई थी उसमें चार लोग सवार थे। जिन्हें सजेती पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सजेती पुलिस ने खड़ा कराया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा गया है।















