नेहा गुप्ता
अभिनंदन मोर्चा
शाहाबाद।(रामपुर) जैतोली रोड स्थित एसएस पब्लिक स्कूल में रविवार को वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा परिणाम भी वितरित किए गए। समारोह में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति से उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि समाजसेवी जी.के. पाठक एवं रोहित बरनवाल एडवोकेट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि मुकेश चंद्र गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है तथा छात्र देश और समाज का भविष्य हैं। विशिष्ट अतिथि जी.के. पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने वाले छात्र ही जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। वहीं रोहित बरनवाल एडवोकेट ने भी बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए निरंतर आगे बढ़ने और अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशभक्ति, लोकगीत एवं सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। विद्यालय के प्रबंधक शावेज हुसैन उर्फ छोटे ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों एवं पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों एवं विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।समारोह में पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आफताब, कार्यकारी अध्यक्ष राजीव भटनागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सभासद शराफत हुसैन, संगठन मंत्री विनोद गुप्ता, सचिव जहीर खान, सचिव फैzi खान, सचिव सुमित कश्यप, प्रचार मंत्री धर्मेंद्र सागर तथा विधिक सलाहकार सोहेल असरार खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सिफत मियां ने किया















