*संवाददाता- जाकिर अली*
गोरखपुर। भारतीय मजदूर संघ (BMS) जिला इकाई ने श्रमिकों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर अपनी आगामी रणनीति तय कर ली है। बुधवार को जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपेंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बजरंगी दूबे ने की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन त्रिपाठी ने 22 सूत्रीय मांगों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि असंगठित और संगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता में होना चाहिए। जुलाई में होने वाली बैठक की तैयारियों पर मंथन उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी’ की बैठक के आयोजन को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने संघ से संबद्ध सभी संगठनों,पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, रोडवेज कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, पोस्ट ऑफिस, जीवन बीमा अधिकारी संघ, जिला सहकारी बैंक और भवन निर्माण संघ सहित अन्य संगठनों से इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।
कल डीएम कार्यालय पर जुटेंगे श्रमिक बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष बजरंगी दूबे ने सभी संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे कल,18 जून को दोपहर 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचें, ताकि दोपहर 12:15 बजे निर्धारित समय पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जा सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में विभाग प्रमुख बैकुंठ नाथ गुप्ता, जिला कार्यकारिणी पदाधिकारी पी.एन. गौड़, प्रभाकर राय, लक्ष्मीकांत शुक्ला, के.के. मिश्रा, भागवत श्रीवास्तव, मोछू प्रसाद, अनूप पटवारी, योगेश पटेल एवं ओम प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














