फतेहपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुधाकर अवस्थी ने ईसाई समुदाय के धार्मिक अधिकारों और धर्म प्रचार से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को अपनी आस्था और विश्वास के अनुसार जीवन जीने, धर्म का पालन करने तथा उसका प्रचार-प्रसार करने का मौलिक अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कट्टरपंथी संगठनों द्वारा कथित मतांतरण के नाम पर अल्पसंख्यक समुदायों, विशेषकर ईसाई समाज के लोगों की धार्मिक सभाओं और गतिविधियों में व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है, जिससे संविधान प्रदत्त अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। सुधाकर अवस्थी ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं देश की मानवतावादी संस्कृति और सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कट्टरता से समाज में तनाव और अशांति का माहौल बनता है। उन्होंने जिले में ईसाई समुदाय के प्रति कुछ लोगों के व्यवहार पर भी चिंता जताई। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन की सतर्कता और जिले की शांति प्रिय जनता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सजगता के कारण किसी प्रकार का बड़ा तनाव या विवाद उत्पन्न नहीं हो सका। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, संविधान के सम्मान और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।














