*बाढ़ प्रभावित गांव में टीकाकरण का कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश।*
फतेहपुर । उत्तर प्रदेश सरकार एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ के संयुक्त तत्वाधान में दिनाँक 11 जून को राज्य स्तरीय माॅक एक्सरसाइज का आयोजन प्रदेश के 44 अति संवेदनशील/संवेदनशील जनपद में कराया गया। जनपद को शासन द्वारा बाढ़ के प्रति संवेदनशील जनपदों में शामिल किया गया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा तहसील बिन्दकी के ग्राम बिन्दकी फार्म में पहुॅंचकर माॅकड्रिल के अन्तर्गत विभागवार की जाने वाली गतिविधियों की निगरानी की गयी तथा अपनी उपस्थिति में माॅकड्रिल सम्पन्न कराया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पाण्डु नदी से हुए कटान स्थलों का जायजा लिया और वहा उपस्थित अधिशाषी अभियंता निचली गंगा नहर, प्रखण्ड फतेहपुर को तत्काल गांव को बचाने हेतु परियोजना बनाकर शासन को प्रेषित किये जाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, गंभीर बिमारी से ग्रसित व्यक्ति, बुजुर्ग, धात्री महिलाओं एवं संचारी रोग, मच्छरों से होने वाली बीमारियों व पशुओं की सूची तैयार कर लें तथा सभी बाढ़ प्रभावित गांव में टीकाकरण का कार्य पूर्ण करें। बाढ़ में स्वच्छ पेयजल हेतु क्लोरीन का भण्डारण तथा ग्रामीणों को उपयोग किये जाने हेतु जागरूक करने व ओ0आर0एस0 वितरण हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया। इसी क्रम में शासन के निर्देश के क्रम में जनपद फतेहपुर में 05 स्थानों तहसील सदर फतेहपुर में ओमघाट भिटौरा में इंसीडेण्ट कमाण्डर उपजिलाधिकारी सदर की अध्यक्षता में पूर्वाह्न 11ः30 बजे से अपराह्न 12ः15 बजे तक अत्यधिक बाढ़ व गांव मैरूण्ड होने व नाव दुर्घटना तथा पूर्वाह्न 10ः00 बजे से पूर्वाह्न 11ः30 बजे तक पल्टू का पुरवा मजरे ललौली में इंसीडेण्ट कमाण्डर तहसीलदार सदर की अध्यक्षता में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से ग्रामीणों का सुरक्षित निकासी, गंगा नदी के किनारे बाढ़ शरणालय व बाढ़ चौकी की स्थापना व उसका प्रभावी संचालन तथा तहसीलदार बिन्दकी की अध्यक्षता में बिन्दकी फार्म गांव में अपराह्न 01ः00 बजे से अपराह्न 2ः00 बजे तक अत्यधिक बाढ़ से भवन का गिरना तथा उसमें दबे लोग के राहत एवं बचाव, उपजिलाधिकारी खागा की अध्यक्षता में अपराह्न 12ः15 बजे से 01ः00 बजे तक बाढ़ राहत शिविर व बाढ़ चैकी की स्थापना व संचालन विषय पर जिला प्रशासन द्वारा माॅकड्रिल का आयोजन कराया गया। जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि कार्यालय कलेक्ट्रेट, फतेहपुर के अन्तर्गत स्थापित डीईओसी 24×7 संचालित नियंत्रण कक्ष में 05180-298632, 9454417876 नंबरों पर आपदा संबंधित सहायता/शिकायत हेतु संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिन्दकी, नायब तहसीलदार बिन्दकी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशाषी अभियंता सिंचाई सहित संबंधित उपस्थित रहे।















