धाता/फतेहपुर। नगर पंचायत धाता के कारीकान मोहल्ले में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कस्बे के देवरी रोड पर स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। मार्ग के दोनों ओर बनी नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं, जिनमें बड़ी-बड़ी घास उग आई है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे सीसी रोड को नुकसान पहुंच रहा है और सड़क धीरे-धीरे टूटने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैलने से आसपास गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। हालात यह हैं कि आने-जाने वाले राहगीरों को कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का मुख्य रास्ता है, जिससे रोजाना छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बड़े छात्र-छात्राएं गुजरते हैं। इसके अलावा यह बाजार जाने का भी प्रमुख मार्ग है, जिससे दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। बावजूद इसके, नगर पंचायत की ओर से सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त होने के बावजूद काम केवल कागजों तक सीमित है। जमीनी स्तर पर सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। मोहल्ले के निवासी राजा गोस्वामी, आकाश सिंह चंदेल, राजू, कल्लू सहित अन्य लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।















