- मेडिकल टीम ने परिजनों को समझाकर राजी किया
कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक स्थित कांधी गांव की मड़ैया में एक माह की कुपोषित बच्ची को बुधवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) टीम ने पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराया। बच्ची के परिजनों ने पहले उसे सेंटर भेजने से इनकार कर दिया था, लेकिन टीम ने उन्हें समझाकर राजी कर लिया। कांधी की मड़ैया गांव निवासी कपिल की एक माह की बेटी कनिष्का जन्म से ही सामान्य बच्चों की तुलना में कम वजन और धीमी लंबाई वृद्धि से जूझ रही थी। उसके हाथ-पैर भी कमजोर थे। यह स्थिति एएनएम पारुल की रिपोर्ट के माध्यम से सामने आई। रिपोर्ट मिलने के बाद बुधवार को डॉ. आशीष मिश्रा और डॉ. आकांक्षा मिश्रा ने आरबीएसके टीम के साथ गांव पहुंचकर बच्ची की जांच की। जांच में बच्ची को गंभीर रूप से कुपोषित पाया गया। टीम ने परिजनों से बच्ची को एनआरसी सेंटर में भर्ती कराने की बात कही, जिस पर उन्होंने शुरू में मना कर दिया। इसके बाद, टीम ने परिजनों को बच्ची के बेहतर उपचार के लिए एनआरसी सेंटर में भर्ती कराने के महत्व के बारे में जागरूक किया। समझाने के बाद परिजन राजी हो गए और टीम ने बच्ची को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया।















