विजयीपुर/फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के विजयीपुर कस्बे में ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ चलाए जा रहे टास्क फोर्स के अभियान के दौरान सोमवार को विवाद की स्थिति बन गई। कार्रवाई का वीडियो बनाने को लेकर पुलिसकर्मियों और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक राजेश तिवारी और उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में टीम ओवरलोड वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक चेकिंग बैरियर को टक्कर मारते हुए निकल गया। इसके बाद टीम ने पीछे आ रहे दूसरे ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन का दरवाजा नहीं खोला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने ट्रक का दरवाजा खुलवाने के लिए डंडों का प्रयोग किया। इसी दौरान विजयीपुर निवासी आयुष यादव ने कार्रवाई का वीडियो बनाना शुरू किया। आयुष का आरोप है कि उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किशनपुर थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।















