- ग्राम प्रधान ने निजी वाहन से पहुंचाया, डॉक्टर ने गर्मी से बचाव की सलाह दी
कानपुर देहात के राजपुर में शौच के लिए जा रही एक महिला अचानक बेहोश हो गई। उसे तुरंत ग्राम प्रधान की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसे होश आ गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को राजपुर ब्लॉक क्षेत्र के रमऊ गांव निवासी अरुण कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी सुनैना शौच के लिए शौचालय जा रही थीं। इसी दौरान वह अचानक बाहर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान सैयद जमाल अहमद ने तत्काल अपने निजी वाहन से सुनैना को राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर जी.पी. द्विवेदी ने उनका इलाज शुरू किया। इलाज के बाद महिला को होश आया। डॉक्टर ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और रक्तचाप (बीपी) कम होने के कारण वह बेहोश हुई थीं। डॉक्टर द्विवेदी ने इस दौरान लोगों को जागरूक करते हुए सलाह दी कि गर्मी के मौसम में तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।















