-मकबरे में फहराया भगवा झंडा, प्रशासन ने हटवाया
-डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा, हालात को किया काबू
-उपद्रवियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
फतेहपुर। मंदिर बनाम मकबरा की लड़ाई सोमवार को उस समय हिंसक हो गई जब पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ विवादित स्थल पर पूजा करने पहुंच गए। पूजा करने के दौरान कुछ लोग विवादित स्थल पर बनी कुछ मजारों को क्षतिग्रस्त करने लगे। इसे देख दोनों पक्षों के बीच तनाव हो गया। इसी दौरान दोनों पक्षों को ओर से पथराव किया गया। डीएम एसपी ने मौके पर पहुंच मोर्चा संभाला और घंटों की जद्दोजहद के बाद हालात पर काबू पाया। एडीजी प्रयागराज संजीव गुप्ता मौके पर पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने तैनात पुलिस कर्मियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जो कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए । पुलिस की टोलिया के आबूनगर रेडईया स्थित विवादित स्थल में पूजा करने को लेकर हिंदू वादी संगठनों के आवाह्न पर कर्पूरी ठाकुर चौराहे पर हजारों कार्यकर्ता सोमवार की सुबह एकत्रित हुए। इस दौरान सुबह से ही भाजपा के जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल, महामंत्री पुष्पराज पटेल, उदय लोधी, भिटौरा ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी, पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडे, मनोज मिश्रा, कुलदीप भदोरिया, अभिषेक शुक्ला, अमित शिवहरे, विनोद गौतम, धनंजय द्विवेदी, संजय लाला, प्रमोद द्विवेदी, देवाशीष चौधरी, स्वरूप राज सिंह जूली, अतुल त्रिवेदी, प्रवीण सिंह, अजय सिंह रिंकू लोहारी, देवनाथ धाकड़े सहित बड़ी संख्या में लोग कर्पूरी ठाकुर चौराहे पर एकत्रित हुए। इस दौरान महिलाओं की भी संख्या रही जिसमें भाजपा महिला जिला अध्यक्ष ज्योति प्रवीण, सुनिधि तिवारी, गायत्री सिंह, कल्पना सिंह, सुधा मौर्य, मंजू शुक्ला, रेखा मिश्रा, सुशीला मौर्या, मधु शर्मा, नितिन सिंह सहित तमाम महिलाएं मौजूद रही भाजपा जिलाध्यक्ष मुख लाल पाल, विश्व हिंदू परिषद के वीरेंद्र पाण्डेय, अखिल भारत हिन्दू महासभा के मनोज त्रिवेदी, बजरंगदल के धर्मेंद्र सिंह जनसेवक की अगुवाई में हजारों की भीड़ चौराहे पर एकत्रित हुई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने विवादित स्थल जाने वाले सभी मार्गों पर और विवादित स्थल पर बैरिकेडिंग लगा दी थी। किसी को भी आने जाने नहीं दिया जा रहा था। हिंदू वादी संगठनों के हजारों कार्यकर्ता पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी नारेबाजी करते हुए बैरीकैडिंग तोड़कर विवादित स्थल पहुंच गए। हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने विवादित स्थल पर पूजा अर्चना की वही कुछ लोगों ने विवादित स्थल पर बनी मजारों को क्षतिग्रस्त भी किया। लोगों ने भगवा झंडा भी फहराया। पुलिस ने विवादित स्थल से हिन्दू संगठनों के लोगों को हटाते हुए भगवा झंडा भी उतार दिया। इसी बीच दूसरे समुदाय के लोग भी नारेबाजी करते हुए विवादित स्थल पर पहुंच गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने पथराव भी किया। जिसमें हिन्दू संगठन के धर्मेंद्र सिंह जनसेवक, सलज, रामप्रताप अनुरागी समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के बीच बवाल बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां पटक कर उपद्रवियों को वहां से हटाया। इसके बाद एक ओर से हिन्दू संगठन के हजारों लोग मैदान में एकत्रित हो गए। वहीं दूसरे तरफ मुस्लिम समाज के लोग भी एकत्रित हो गए। दोनों ओर से जमकर नारे बाजी होती रही। डीएम रविन्द्र सिंह और एसपी अनूप सिंह ने मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर वहां से तत्काल हटाया। बताते चले कि हिन्दू संगठन विवादित स्थल को ठाकुर जी का मंदिर बता रहे है। वहीं मुस्लिम समाज उसे मकबरा बता रहा है। प्रशासन ने विवादित स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग लगा कर भारी पुलिस बल तैनात किया है। डीएम ने बताया कि स्थित नियंत्रण में है किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। शहर के माहौल को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। जो भी माहौल बिगड़ेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि हालात काबू में हैं दोनों पक्षों के लोगों को समझा बुझा कर हटा दिया गया है। उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















