उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड कोतवाली क्षेत्र के जलपुरा गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सोए दो भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई. सुबह जब काफी देर तक दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले, तब पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो दोनों युवक मृत अवस्था में पड़े थे.
मृतकों की पहचान साहिल (19 वर्ष) और फुरकान (30 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे और रोज़गार की तलाश में हाल ही में ग्रेटर नोएडा आए थे. वे पेशे से बढ़ई (कारपेंटर) थे और जलपुरा गांव में किराए के एक छोटे कमरे में रहकर काम करते थे. परिवार के अनुसार, शुक्रवार को बारिश के कारण वे काम पर नहीं गए थे. उस दिन ठंड अधिक थी, इसलिए रात में खाना खाने के बाद उन्होंने कमरे के अंदर अंगीठी जला ली और सो गए.














