- मरीज बाहर महंगे दामों पर जांच कराने को मजबूर
राजपुर कानपुर देहात। राजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्थापित पब्लिक हेल्थ यूनिट लैब लगभग एक साल से शोपीस बनी हुई है। यहां एलएफटी और केएफटी जैसी महत्वपूर्ण जांचें नहीं हो पा रही हैं, जिससे मरीजों को निजी लैब में महंगे दामों पर जांच करानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी नसीम, राजू, मेवालाल, फरीद और अजय कुमार ने बताया कि वे पीएचसी में एलएफटी और केएफटी जांच कराने गए थे, लेकिन मशीनें चालू न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इस कारण उन्हें बाहर निजी लैब में ऊंचे दामों पर जांच करानी पड़ रही है, जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। राजपुर पीएचसी में प्रतिदिन 100 से अधिक ओपीडी होती है। बदलते मौसम के कारण बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे इन जांचों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।
पब्लिक हेल्थ यूनिट लैब में तैनात लैब टेक्नीशियन (एलटी) अजीत कुमार ने बताया कि एलएफटी और केएफटी जांच मशीनें काफी समय से रखी हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण जांचें नहीं हो पा रही हैं। वहीं, पीएचसी प्रभारी डॉ. सलिल सचान ने जानकारी दी कि टेक्नीशियन को बुलाया गया है और समस्या का समाधान जल्द ही किया जाएगा।















