* शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग ने पकड़ा जोर
* रोजगार अधिकार अभियान की पहल, कारपोरेट व अरबपतियों की सम्पत्ति पर टैक्स लगा जुटाए जाए संसाधन
लखनऊ : शिक्षा, परीक्षा और रोजगार का सवाल आज नौजवानों के लिए गहरी पीड़ा, असुरक्षा और विक्षोभ का कारण बन चुका है। कम समय में “कॉकरोच जनता पार्टी” जैसी आनलाइन प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता भी इसका प्रमाण है। इसी क्रम में आज रोजगार अधिकार अभियान की तरफ से रोजगार, शिक्षा-स्वास्थ्य, पेंशन और परीक्षा धांधली के सवाल पर एक्स पर अभियान चलाया जिसमें हजारों पोस्ट पूरे देश से किए गए। सोशल मीडिया पर नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के सवाल ने भी जोर पकड़ा है और लाखों लोगों ने इस बाबत जारी पिटीशन का आनलाइन समर्थन किया है। एक्स पर प्रदेश में हुई लेखपाल भर्ती परीक्षा की जांच की मांग भी दिनभर ट्रेंड करती रही जिसका भी अभियान ने समर्थन किया। एक्स अभियान में राष्ट्रीय कुली मोर्चा के लोगों ने भाग लिया और आजीविका व सामाजिक सुरक्षा के लिए रेलवे नौकरी की मांग उठाई।
रोजगार अधिकार अभियान की प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि नौजवानों की बेचैनी को व्यक्त करने वाले उभरते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन जैसे जनजीवन के बुनियादी सवालों को अपना केंद्रीय विषय बनाना चाहिए। इन सवालों के समाधान के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि कारपोरेट घरानों और अरबपतियों पर संपत्ति कर लगाया जाए तथा सार्वजनिक संसाधनों को सामाजिक अधिकारों के लिए खर्च किया जाए।
अभियान में प्रमुख रूप से कोआर्डिनेटर राजेश सचान, लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र नेता विशाल सिंह, राष्ट्रीय कुली मोर्चा संयोजक राम सुरेश यादव, आईआईएमसी दिल्ली के हर्शल ठाकुर, आरपी गौतम, चौधरी चरण सिंह मेरठ यूनिवर्सिटी के शोध छात्र श्रीकृष्ण नीरज, लखनऊ यूनिवर्सिटी के शोध छात्र दीपक अरोड़ा, शिमला से सुमित गोरसी, प्रयागराज से अर्जुन प्रसाद, शेख रहमतुल्लाह, राहुल कुमार, सुरेंद्र पांडेय, इंजीनियर राम बहादुर पटेल, अर्जुन प्रसाद, चंदेश्वर मुखिया, पूजा यादव, जफर खान, विशाल गावले, अमित पाल, रूबी सिंह, सविता गोंड आदि शामिल रहे।















