- बीमारी की सूचना पर जल्लापुर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का किया उपचार
कानपुर देहात। राजपुर ब्लाक क्षेत्र के जल्लापुर गांव में जलभराव और गंदगी के चलते संक्रामक रोगों की चपेट में आने से गांव के कई लोग बीमार है। ग्रामीणों की सूचना पर सोमवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का परीक्षण कर दवाइयां बांटी। इस दौरान टीम ने ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक भी किया। जल्लापुर गांव में नियमित सफाई नहीं होने से पूरे गांव की नालियां चोक हो गई है। इससे लोगों के घरों के बाहर जलभराव से कीचड़ हो गया है। जलभराव के चलते संक्रामक बीमारियों ने कई लोगों को चपेट में ले लिया है। बीमारियां फैलने की सूचना पर सोमवार को राजपुर पीएचसी से चिकित्सक डॉ आशीष मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने गांव में शिविर लगाया। और लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गांव में बुखार के आठ, खांसी-जुकाम के छह, खुजली के 3 और अन्य बीमारियों के करीब 18 मरीज मिले। इस दौरान लोगों के रक्त के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए पैथोलॉजी भेज दिया गया। स्वास्थ्य टीम ने पूरे गांव का निरीक्षण किया तो हर जगह गंदगी मिली। टीम ने ग्राम प्रधान को निर्देशित किया कि वह गांव में पानी जमा न होने दें। जलभराव में मच्छरों के लार्वा पनपते हैं। गांव में सफाई कर्मी के माध्यम से एंट्री लार्वा का छिड़काव कराने की सलाह दी। राजपुर ब्लाक के एडीओ पंचायत कल्याण सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में रोस्टर लगवाकर सफाई कार्य कराया जायेगा।














