जावेद
रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर अटौरा पुलिस चौकी का घेराव किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर नाराजगी जताई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और शव का अंतिम संस्कार कराया गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह ने बताया कि अटौरा गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था तथा पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सीओ ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक विवेचना शुरू कर दी गई है। परिजनों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की थी, जिस पर प्रशासन ने हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कराने का आश्वासन दिया है।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान प्राप्त होने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।













