लखीमपुर खीरी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ खीरी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वांछित, वारंटी एवं अभ्यस्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी के पर्यवेक्षण में जनपद भर में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने न्यायालय से जारी वारंटों और विभिन्न मुकदमों में वांछित आरोपियों की तलाश करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तारियां कीं।
पुलिस के अनुसार थाना मैलानी क्षेत्र में सर्वाधिक 12 एनबीडब्ल्यू वारंटी गिरफ्तार किए गए। इनके मामले आबकारी अधिनियम, भारतीय दंड विधान सहित अन्य धाराओं से संबंधित बताए गए हैं। कोतवाली सदर पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों से जुड़े आठ वारंटियों को गिरफ्तार किया।
नीमगांव पुलिस ने पांच पुरुष एवं एक महिला समेत छह वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनके मामले आईपीसी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित हैं। मोहम्मदी पुलिस ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनके खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम, लूट एवं आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई चल रही थी।
ईसानगर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चार वारंटी और पॉक्सो एक्ट व बीएनएस से संबंधित मामले में एक वांछित आरोपी शामिल है। गोला पुलिस ने भी पांच आरोपियों को दबोचा, जिनमें एक वारंटी तथा जानलेवा हमले एवं एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों के चार वांछित आरोपी शामिल हैं।
मैगलगंज पुलिस ने आबकारी अधिनियम तथा मारपीट, गाली-गलौज एवं धमकी से संबंधित मामलों के तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया। सिंगाही पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम से संबंधित मामले में वारंटी ध्रुव और विनोद को गिरफ्तार किया।
धौरहरा पुलिस ने दहेज मृत्यु से संबंधित मामले में वारंटी गोवर्धन, सम्पूर्णानगर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के मामले में आशाराम तथा पसगवां पुलिस ने आबकारी अधिनियम से संबंधित एनबीडब्ल्यू वारंटी राजकुमार को गिरफ्तार किया। मितौली पुलिस ने आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले में सोनू उर्फ शैलेन्द्र को गिरफ्तार किया, जबकि मझगई पुलिस ने भरण-पोषण से संबंधित मामले में वारंटी रामानंद को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। उन्हें संबंधित न्यायालयों के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। खीरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और वांछित एवं वारंटी आरोपियों की धरपकड़ के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














