अभिनंदन मोर्चा
संवाददाता: मोहम्मद कमर
लखीमपुर खीरी। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी ने शनिवार को थाना खीरी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण कार्यक्रम थाना परिसर में आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ के समापन के बाद संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री पवन गौतम तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर श्री विवेक तिवारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत थाना कार्यालय से की गई, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय संचालन, रिकॉर्ड संधारण एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने मालखाना का निरीक्षण करते हुए वहां रखे गए माल मुकदमाती सामानों के रखरखाव, अभिलेखीकरण तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं अद्यतन स्थिति में बनाए रखें।
इस दौरान अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों में की गई प्रविष्टियों की गुणवत्ता और अद्यतन स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रविष्टि समयबद्ध और नियमों के अनुरूप दर्ज की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न न हो। थाना परिसर के निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैरक और मेस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के रहने और भोजन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा और व्यवस्थित कार्यस्थल पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और अनुशासन को मजबूत करता है। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाए तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों और थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई और शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जनता को समय पर न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनता के साथ संवाद और पुलिस की जवाबदेही को मजबूत करने पर बल दिया गया। निरीक्षण कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि पुलिस की सकारात्मक कार्यशैली से ही जनता का विश्वास मजबूत होता हे














