खीरी। थाना खीरी पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खीरी व अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई। थाना खीरी के थानाध्यक्ष निराला तिवारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे वांछित/वारंटी गिरफ्तारी अभियान के दौरान 10 मार्च 2026 को यह सफलता मिली। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरुण तिवारी पुत्र शिवशंकर, निवासी ग्राम पीपुरा, थाना फरधान, जिला खीरी (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी पर गंभीर अपराधों में संलिप्तता के चलते 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा संख्या 0177/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।









