- गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
कानपुर देहात। राजपुर थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। यह घटना सोमवार को वैना गांव में हुई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जैनपुर पावर हाउस पर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। वैना गांव निवासी अमित सविता (पुत्र मुलायम सिंह) सोमवार को खेत से भूसा ट्राली लेकर गांव पहुंचे थे। ट्राली खाली करते समय वह ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गए। उन्हें तत्काल राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित दो दर्जन से अधिक ग्रामीण जैनपुर पावर हाउस पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अमित सविता की मौत बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुई है। उनका कहना था कि विभाग की लापरवाही से आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई बार बिजली विभाग के कर्मचारी शटडाउन लेने के बावजूद काम करते समय अचानक करंट आने से अपनी जान गंवा चुके हैं या घायल हुए हैं। उनका आरोप है कि पावर हाउस के अंदर बैठे कर्मचारियों की लापरवाही के कारण ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, केवल खानापूर्ति के लिए उनका तबादला कर दिया जाता है। इस कारण ग्रामीणों में जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति गहरा आक्रोश है।
राजपुर थाना अध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि इस संबंध में प्रार्थना पत्र मिलने पर जांच पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।















