- तेज धमाके से जली ट्रांसफार्मर की केबल, 21 घंटे 50 घरों में अधेरा
राजपुर (कानपुर देहात) कस्बे के मोहल्ला कन्हैया नगर में मंगलवार रात 10 बजे ट्रांसफार्मर में तेज धमाके से विद्युत केबल में आग लग जाने से करीब 50 घरों की बिजली ठप हो गई। पूरी रात उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। करीब 21 घंटे बाद बुधवार शाम 7 बजे के बाद नई केबल जोड़कर विद्युत सप्लाई बहाल की जा सकी। कस्बे के बस स्टैंड के समीप मुगल सड़क किनारे रखे 63 केवीए के विधुत ट्रांसफार्मर से कन्हैया नगर के 50 घरों में आपूर्ति दी जाती है। मंगलवार रात करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर में तेज धमाके से विद्युत केबल में अचानक आग लग गई। केबल से उठती आग की लपटें देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई जिसके बाद पानी डालकर आग बुझाई गई। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने जांच के दौरान केबल जलने की बात कही। कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर से दोबारा फ्यूज जोड़कर आपूर्ति चालू करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इससे रात में बिजली बहाल न होने पर उमस भरी गर्मी में लोगों पूरी रात जागकर काटनी पड़ी। बुधवार शाम 7 बजे के बाद नई केबल डालकर और ट्रांसफार्मर की खूटी बदलने के बाद आपूर्ति बहाल हुई। राजपुर के अवर अभियंता राहुल साहू ने बताया कि गर्मी में लोड बढ़ने से केबल जल गई थी। केबल बदलाकर आपूर्ति बहाल कराई गई है।















