अभिनंदन मोर्चा
संवाददाता: मोहम्मद कमर, लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी। मटेहिया में भारतीय किसान मजदूर यूनियन सिंघानिया के बैनर तले सैकड़ों किसान धरने पर बैठ गए हैं। प्रस्तावित भीरा–पलिया हाईवे चक्का जाम और रेल रोको आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। धरना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुबह से ही किसानों का जुटान शुरू हो गया था और वे अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए सीओ पलिया और सीओ गोला मौके पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही पलिया व भीरा थानाध्यक्ष भी धरना स्थल पर मौजूद हैं। अधिकारी लगातार किसानों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने भीरा–पलिया हाईवे और रेलवे ट्रैक पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। हाईवे पर आवागमन बाधित न हो, इसके लिए रूट डायवर्जन की तैयारी की जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी को भी अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल किसान मटेहिया में शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे हैं, लेकिन चक्का जाम और रेल रोको की चेतावनी के चलते प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।















