✍️अभिनंदन मोर्चा
संवाददाता : मोहम्मद कमल
लखीमपुर खीरी। जिले के महेवा गंज फतेहपुर क्षेत्र में बिना अनुमति कराई जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम सदर अश्वनी सिंह के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग का कार्य तत्काल रुकवाया और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी। प्रशासन की टीम ने साफ तौर पर कहा कि बिना अनुमति जमीन की खरीद-फरोख्त और प्लाटिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों को ताक पर रखकर अवैध तरीके से कॉलोनियां विकसित करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। एसडीएम सदर अश्वनी सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शासन के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसता रहेगा। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने मौके से काम बंद कर दिया, जबकि आसपास के इलाके में प्रशासनिक कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध प्लाटिंग पर रोक लगने से भविष्य में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।















