- खमरिया-ईसानगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई से सक्रिय चोरी गिरोह का पर्दाफाश, लाखों का माल बरामद*
*
✍️अभिनंदन मोर्चा
संवाददाता: मोहम्मद कमर
लखीमपुर खीरी। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमरिया थाना, ईसानगर थाना और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले सक्रिय गिरोह के छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। नवागत थाना प्रभारी निर्मल तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार गिरोह लंबे समय से खमरिया और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, ₹2 लाख 7 हजार नकद, अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली बिना नंबर प्लेट की सीएनजी ऑटो बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है तथा पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।















