✍️अभिनंदन मोर्चा
संवाददाता: मोहम्मद कमर
– डॉक्टरों ने जारी की सावधानी की सलाह
लखीमपुर खीरी। जनपद में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। बुधवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। दोपहर के समय चल रही गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। गर्मी के चलते बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए मेहवागंज स्थित न्यू ओ हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. मुनीफ खान ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें। खासकर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप और लू से बचना बेहद जरूरी है। डॉ. मुनीफ खान ने सलाह देते हुए कहा कि लोग अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें और खाली पेट धूप में जाने से बचें। उन्होंने बताया कि तेज गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। शहर के बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।














