✍️अभिनंदन मोर्चा
संवाददाता: मोहम्मद कमर
लखनऊ में पलिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोमी साहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण से मुलाकात कर पलिया क्षेत्र के विकास और सामाजिक सम्मान से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक रोमी साहनी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण कार्यों को पलिया विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र में स्थापित बाबा साहब की मूर्तियों पर छत निर्माण, बाउंड्री वॉल तथा सोलर लाइट की व्यवस्था जल्द कराई जाए, ताकि प्रतिमाओं की सुरक्षा और आसपास के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विधायक रोमी साहनी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महापुरुष ही नहीं बल्कि करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनके सम्मान और संरक्षण के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पलिया विधानसभा क्षेत्र में बाबा साहब की प्रतिमाओं के आसपास बेहतर व्यवस्थाएं होने से सामाजिक समरसता और सम्मान की भावना और मजबूत होगी। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने विधायक को आश्वस्त किया कि पलिया विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।















