लखीमपुर खीरी। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरधान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक निराला तिवारी स्वयं पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। शनिवार को वह पुलिस बल के साथ मनिकापुर चौराहे पर मौजूद रहे और कांवड़ियों के आवागमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी सतर्क रहें।
भीड़ और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए 53 वॉलिंटियर भी तैनात किए गए हैं। ये वॉलिंटियर श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों को मार्ग की जानकारी भी दी जा रही है।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस की टीम प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगातार निगरानी कर रही है, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति न बने। पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
फरधान पुलिस की सक्रियता और लगातार निगरानी से क्षेत्र में कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। थाना प्रभारी स्वयं मौके पर रहकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए टीमों को अलर्ट रखा है।














